आगामी 21 जून को दोबारा होने वाली नीट-यूजी की परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित और लीक-प्रूफ बनाने के लिए केंद्र सरकार ने देश की सेना को मैदान में उतार दिया है। भारतीय वायुसेना (आईएएफ) पिछले तीन-चार दिनों से देशभर के 18 तय जोन्स में परीक्षा के प्रश्नपत्र पहुंचाने के काम में जुटी हुई है।
इस बेहद गोपनीय और बड़े मिशन की शुरुआत 13 जून को हुई थी, जो अब लगभग पूरी होने वाली है। इसका उद्देश्य है कि सरकार इस बार परीक्षा को लेकर कोई जोखिम नहीं उठाना चाहती।
आसमान से रखी जा रही है पैनी नजर
संसद और सड़कों पर हुए भारी हंगामे के बाद इस बार सुरक्षा के ऐसे इंतजाम किए गए हैं कि परिंदा भी पर न मार सके। प्रश्नपत्रों के सील बंद बक्से को सुरक्षित और समय पर पहुंचाने के लिए वायुसेना के Mi-17 हेलीकॉप्टर और बड़े मालवाहक विमानों को काम पर लगाया गया है।
